अपनी पुस्तक की अगली श्रृंखला लिखेंगे नटवर
सोनिया गांधी की कडी आलोचना वाली अपनी पुस्तक को लेकर कांग्रेसी नेतृत्व के हमले झेल रहे नटवर सिंह ने पुस्तक की अगली श्रृंखला लिखने का फैसला किया है ‘‘जिसमें कई सारे खुलासे होंगे।
’’ पूर्व विदेश मंत्री ने आज यहां पीटीआई से कहा कि अगली पुस्तक का नाम ‘माय इर्रेगुलर डायरी’ होगा और इसके अगले मार्च तक बाजार में आने की संभावना है। यह पूछे जाने पर कि क्या इसमें गांधी परिवार के बारे में और खुलासे होंगे, सिंह ने जवाब दिया, ‘‘इसमें कई और खुलासे होंगे।
’’ पूर्व कांग्रेसी नेता अपनी पुस्तक ‘वन लाइफ इज नॉट एनफ’ बाजार में आने के चार दिनों के भीतर इसे मिली प्रतिक्रिया से खुश हैं। उन्होंने राजनीतिक भूचाल लाने वाली अपनी आत्मकथा के बारे में कहा, ‘‘इसकी 50 हजार प्रतियां बिक चुकी हैं और प्रकाशक इसे फिर से प्रिंट करने जा रहे हैं।
’’ यह पूछे जाने पर कि पुस्तक के प्रकाशन से पहले सोनिया और प्रियंका के मई में उनके आवास पर उनसे मिलने के बाद क्या उन्होंने इस पुस्तक का कोई हिस्सा हटाया है, सिंह ने जवाब दिया, ‘‘एक शब्द भी नहीं।’’ सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी के अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया के कारण इस पुस्तक की बिक्री उम्मीद से ज्यादा बढ गई।